अलवर , अक्टूबर 02 -- राजस्थान में अलवर जिले के सरिस्का बाघ अभयारण्य में शुक्रवार को वन्यजीव सप्ताह 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ।
सरिस्का परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह में उप वन संरक्षक (डीसीएफ) अभिमन्यु सहारण, ने सहायक वन संरक्षकों, रेंजर्स और वनकर्मियों की मौजूदगी में कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम में आसपास के क्षेत्रों के करीब 200 स्कूली बच्चे उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
उद्घाटन के बाद विद्यार्थियों को निःशुल्क जंगल सफारी करायी गयी। सफारी के दौरान बच्चों ने वन्यजीवों और उनके प्राकृतिक आवास को करीब से देखा और वन एवं वन्यजीव संरक्षण के महत्व को समझा। परिसर में वन विभाग की ओर से लगाई गई वन उपकरण एवं वन्यजीव तकनीक प्रदर्शनी भी बच्चों के आकर्षण का केंद्र रही। प्रदर्शनी में वन्यजीव प्रबंधन और निगरानी में उपयोग होने वाले विभिन्न उपकरणों की जानकारी दी गयी।
वन्यजीव सप्ताह के तहत वनकर्मियों की खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी शुभारंभ हुआ। पहले दिन रस्साकसी, वॉलीबॉल और फुटबॉल के मुकाबले आयोजित किये गये। इसके साथ ही फोटोग्राफी प्रतियोगिता का भी औपचारिक शुभारंभ किया गया। वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि वन्यजीव सप्ताह आठ अक्टूबर तक मनाया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक रेंज के एक गांव में ग्रामीणों के साथ बैठक करके पारिस्थितिकी पर्यटन के लाभ और मानव-वन्यजीव संघर्ष कम करने को लेकर चर्चा की जाएगी। वन्यजीव सप्ताह का समापन समारोह आठ अक्टूबर को अलवर में होगा। समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं और खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित