अलवर , मार्च 21 -- राजस्थान में अलवर जिले के सरिस्का बाघ अभयारण्य क्षेत्र में अलवर- जयपुर मार्ग पर अवैध रूप से कचरा डालने की घटना सामने आयी है।

हाल ही में निकटवर्ती नगरपालिकाओं द्वारा माधोगढ़ पुलिया के पास सड़क किनारे दो ट्रक भरकर कचरा डाला गया। बताया जा रहा है कि यह कार्य रात के समय गुपचुप तरीके से किया गया। यह न केवल वन्यजीव संरक्षण नियमों का उल्लंघन है, बल्कि नगरपालिकाओं की पर्यावरण के प्रति लापरवाही को भी दर्शाता है।

सूत्रों ने बताया कि जहां यह कचरा डाला गया है, वहां वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है। यहां बंदरों की संख्या भी बहुत ज्यादा है। ऐसे में उस कचरे से उन्हें संक्रमण होने की आशंका रहती है।

सरिस्का बाघ अभयारण्य एक अत्यंत संवेदनशील पारिस्थितिकी क्षेत्र है, जहां कई दुर्लभ और संरक्षित वन्यजीव निवास करते हैं। इस प्रकार कचरा डालने से वन्यजीवों के स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ सकता है और मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है। साथ ही इससे पूरे पारिस्थितिकी तंत्र पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सरिस्का प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है और संबंधित नगर निकायों को नोटिस जारी किये गये हैं। सरिस्का प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोषी पाये जाने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित