अलवर , जुलाई 11 -- राजस्थान में अलवर जिले के सरिस्का वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में कथित अवैध गतिविधियों को लेकर वन विभाग ने सरिस्का पैलेस प्रबंधन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
वन विभाग ने सरिस्का पैलेस प्रबंधन पर बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के वन विभाग की भूमि पर अवैध गतिविधियां संचालित करने का आरोप लगाते हुए वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत प्राथमिकी दर्ज करवाई है।
वन विभाग के सूत्रों ने शनिवार को बताय कि अनुसार उन्हें सूचना मिली थी कि सरिस्का वन्यजीव अभयारण्य की सीमाओं के भीतर वन भूमि पर बिना स्वीकृति के अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। विभाग का आरोप है कि ये गतिविधियां रात के समय गुप्त रूप से संचालित की जा रही थीं और कार्रवाई के दौरान करीब 30 बाउंसरों की मदद से वन विभाग की कार्रवाई में बाधा डालने और अवरोध उत्पन्न करने का प्रयास किया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने सरिस्का पैलेस प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज करवाकर थानागाजी पुलिस थाने को विधिवत प्रार्थना पत्र देकर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरिस्का वन्यजीव अभयारण्य और वन भूमि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, अनधिकृत निर्माण अथवा वन एवं वन्यजीव कानूनों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने कहा कि सरिस्का में अवैध गतिविधियों और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित