रांची , अगस्त 05 -- झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में सुरक्षा बलों और पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए संयुक्त घेराबंदी एवं तलाशी अभियान के दौरान कुल 22 लाख रुपये के इनामी तीन खूंखार नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार नक्सलियों में 15 लाख रुपये का इनामी मदन महतो, पांच लाख रुपये का इनामी रवि सरदार तथा दो लाख रुपये की इनामी मीणा शामिल हैं। मीणा, रवि सरदार की पत्नी बताई जा रही है।

अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के कब्जे से एक एके-47 राइफल, एक पिस्टल तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, तीनों नक्सली लंबे समय से सक्रिय थे और कई नक्सली घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।

ये तीनों इनामी नक्सली काफी समय से फरार चल रहे थे और इलाके में कई नक्सली घटनाओं को अंजाम दे चुके थे। सुरक्षा बलों के अनुसार, इन तीनों की गिरफ्तारी से इलाके में सक्रिय नक्सली गिरोह की कमर टूट गई है और उनसे पूछताछ में कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित