भिण्ड , अप्रैल 15 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के ऊमरी क्षेत्र में तीन वर्ष पूर्व हुए सराफा व्यापारी मदनमोहन सोनी हत्याकांड और लूट प्रकरण का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना 2 जून 2023 की रात की है, जब 65 वर्षीय मदनमोहन सोनी दुकान बंद कर जेवर और नकदी से भरा बैग लेकर घर लौट रहे थे। घर का गेट खोलते समय बदमाशों ने बैग छीनने का प्रयास किया और विरोध करने पर गोली मारकर उनकी हत्या कर दी तथा लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए चंबल क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा आरोपियों पर 30-30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका। इस दौरान पुलिस ने करीब तीन साल तक लगातार जांच करते हुए 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और 100 से ज्यादा संदिग्धों से पूछताछ की।

भिण्ड पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव द्वारा मामले को प्राथमिकता में लेते हुए विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने 12 अप्रैल 2026 को अटेर रोड क्षेत्र से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया, जिन्होंने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया। उनके कब्जे से 315 बोर का कट्टा और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। एक आरोपी की पूर्व में सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो चुकी है, जबकि तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस लूट के माल की बरामदगी और गिरोह के अन्य कनेक्शनों की तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित