विदिशा , मई 12 -- मध्यप्रदेश के विदिशा जिले की सिरोंज तहसील से तीन मई को लापता हुए 297 क्विंटल सरसों से भरे ट्रक को पुलिस ने 122 सीसीटीवी कैमरों की मदद से खोज निकाला। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सिरोंज कृषि उपज मंडी के अनाज व्यापारी वीरेंद्र जैन ने अपनी सरसों मुरैना के एक व्यापारी को बेची थी, जिसकी कीमत लगभग 27 लाख 65 हजार रुपए बताई गई है। सिरोंज के एक ट्रांसपोर्टर के माध्यम से मुरैना के ट्रक में 297 क्विंटल सरसों से भरे बोरे लोड कर रवाना किया गया था।
व्यापारी को उम्मीद थी कि एक-दो दिन में ट्रक मुरैना पहुंच जाएगा, लेकिन तीन दिन बाद भी ट्रक नहीं पहुंचा। इस दौरान व्यापारी ने ट्रक चालक से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।
पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर तलाश शुरू की। जांच के दौरान टोल नाकों और दुकानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। सिरोंज पुलिस को 122 सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद सफलता मिली। सिरोंज थाना प्रभारी विमलेश राय ने बताया कि ट्रक चालक ने नंबर प्लेट बदलकर धोखाधड़ी को अंजाम दिया था। पुलिस ने ट्रक बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित