बाराबंकी , मई 21 -- उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के टिकैतनगर क्षेत्र में सरयू नदी में नहाने गया युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। नदी किनारे उसके कपड़े, मोबाइल फोन और चप्पल मिलने से अनहोनी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश करा रही है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के उमराहरा गांव निवासी राजेंद्र सिंह का पुत्र आयुष सिंह (20) सरयू नदी में नहाने गया था। काफी देर तक घर वापस नहीं आने पर लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, तभी नदी किनारे रखे उसके कपड़े, मोबाइल और चप्पल मिली। मौजूद लोगों को संदेह हुआ। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर नदी में युवक की तलाश शुरू कराई। घंटों खोजबीन करने के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने बताया कि गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश कराई जा रही है। आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित