गोण्डा , जुलाई 8 -- उत्तर प्रदेश के गोण्डा जिले में धानेपुर थाना क्षेत्र के अलावल देवरिया गांव में बुधवार को सरयू नहर में डूब रहे एक किशोर की एक पुलिसकर्मी ने अपनी जान की परवाह किए बिना छलांग लगाकर जान बचा ली।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि अलावल देवरिया गांव के पास सरयू नहर के तेज बहाव में 14 वर्षीय मंदबुद्धि किशोर राकेश का पैर फिसल गया, जिससे वह गहरे पानी में डूबने लगा। इसी दौरान नहर के पास से गुजर रहे हेड कॉन्स्टेबल पवन यादव की नजर किशोर पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने बिना देर किए नहर में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत के बाद किशोर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। किशोर के परिजनों ने हेड कॉन्स्टेबल पवन यादव के साहस और तत्परता की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

स्थानीय लोगों ने भी पुलिसकर्मी की बहादुरी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी सूझबूझ और साहसिक कदम से एक किशोर की जान बच सकी। पुलिस अधिकारियों ने भी हेड कॉन्स्टेबल के इस मानवीय और साहसिक कार्य की सराहना की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित