बागेश्वर , जुलाई 24 -- उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के कपकोट में सरयू नदी में बहे मासूम बालक का शव चार दिन तक चले सघन रेस्क्यू अभियान के बाद शुक्रवार को बरामद कर लिया गया है। शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।
बागेश्वर के पुलिस अधीक्षक एसपी जितेंद्र मेहरा के अनुसार विगत 20 जुलाई को सावन के पहले सोमवार को 08 साल का मासूम राकेश अपनी मां कमला देवी के साथ कपकोट शिवालय में जल चढ़ाने के लिए आया था।
इसी दौरान वह सरयू नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया। तत्काल एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, पुलिस की ड्रोन विंग और जनपद पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम के द्वारा 20 जुलाई से लगातार सरयू नदी के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
इस दौरान गोलना, झटक्वाली और देवलचोरा समेत संवेदनशील क्षेत्रों में मैनुअल सर्चिंग के साथ ड्रोन कैमरों की मदद से भी तलाशी ली गई। शुक्रवार को टीम को सफलता मिली और उत्तरोड़ा के पास नदी किनारे बालक का शव बरामद कर लिया गया। शिनाख्त के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित