अलवर , अक्टूबर 25 -- राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ उपखंड क्षेत्र में मोहम्मदपुर ग्राम पंचायत में शनिवार को सरपंच पद के चुनाव के दौरान अंगूठा लगाकर डाले गए मतपत्रों को निर्वाचन अधिकारी ने नियम विरुद्ध बताते हुए रद्द कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस कार्रवाई के बाद तनाव व्याप्त हो गया। इस दौरान पुलिस तैनात करनी पड़ी।
सूत्रों ने रविवार को बताया कि सरपंच पद की उम्मीदवार हारूनी और नुसरत के समर्थकों ने इस फैसले का पुरजोर विरोध किया। उनका तर्क था कि मतपत्र पर अंगूठे की छाप को वैध माना जाना चाहिए।
वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने अपनी कार्रवाई को पूरी तरह नियमानुसार बताया और इसके आधार पर चंदन को विजयी घोषित कर दिया। बताया गया कि यहां 56 मतपत्रों पर अंगूठाें के निशान थे।
चुनाव परिणामों और मतों के रद्द होने से नाराज लोगों ने ग्राम पंचायत कार्यालय पर भारी विरोध प्रदर्शन किया, जिसके चलते रात 12 बजे तक हंगामा होता रहा।
प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा स्थिति को संभालने के प्रयास किए। वहीं पराजित खेमे के प्रत्याशियों और समर्थकों में रोष व्याप्त था। फिलहाल मामला शांत है। उपसरपंच के लिए आज चुनाव है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित