अलवर , अक्टूबर 31 -- राजस्थान में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को अलवर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का अनूठा नजारा देखने को मिला।
राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश लेकर शहर में 'रन फॉर यूनिटी' का आयोजन किया गया। सुबह नेहरू उद्यान से शुरू हुई यह दौड़ जिला खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र, इंदिरा गांधी स्टेडियम तक पहुंची।
इस आयोजन में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), माय भारत के स्वयंसेवकों, भारत स्काउट एवं गाइड, सामाजिक कार्यकर्ताओं, खिलाड़ियों और स्थानीय युवाओं ने उत्साहपूर्वक शिरकत की। युवा हाथों में एकता का संकल्प और दिलों में देशभक्ति का जज्बा लिए दौड़े।
'रन फॉर यूनिटी' केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का प्रतीक बनी। इसमें युवाओं की भागीदारी ने यह संदेश दिया कि राष्ट्र की मजबूती केवल सीमाओं की सुरक्षा से नहीं, बल्कि देशवासियों के बीच एकता, विश्वास और भाईचारे से भी बनती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित