गौतमबुद्धनगर , अक्टूबर 31 -- लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिले के कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय एकता दिवस श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया।

गौतमबुद्धनगर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री अजीत कुमार ने बताया कि, कार्यक्रम के शुभारंभ के बाद शपथ समारोह का आयोजन हुआ उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। शपथ के माध्यम से सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करने तथा देशवासियों के बीच आपसी सद्भाव, एकता और भाईचारे का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।

शपथ में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने यह प्रतिबद्धता भी दोहराई कि वे सरदार वल्लभभाई पटेल की दूरदर्शिता और उनके कार्यों से साकार हुई देश की एकता की भावना को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। इसके साथ ही देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने तथा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सत्यनिष्ठा और निष्ठा के साथ करने का संकल्प लिया।

सरदार वल्लभभाई पटेल के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जिसके उपरांत उन्होंने लौह पुरुष के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके आदर्शों और राष्ट्रहित में किए गए कार्यों को स्मरण किया। इस दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित