रायपुर , अक्टूबर 31 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 45 लाख रुपये और विधायक भावना बोहरा ने कबीरधाम जिले के ग्राम भगतपुर में शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में 10 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की।

जिला कुर्मी क्षत्रिय समाज की ओर से आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और समाज के विकास पर विशेष जोर दिया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर राजनांदगांव सांसद संतोष पाण्डेय और पंडरिया विधायक भावना बोहरा भी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री शर्मा ने सामाजिक भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपये तथा सीसी रोड एवं डोम निर्माण के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं विधायक भावना बोहरा ने अटल चौक के समीप पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापना और सौंदर्यीकरण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस प्रकार ग्राम भगतपुर को कुल 55 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली।

समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता के समय देश के सामने विभिन्न रियासतों के एकीकरण की बड़ी चुनौती थी। सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व से साढ़े पांच सौ से अधिक रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभायी। उन्होंने कहा कि हैदराबाद सहित अनेक रियासतों के विलय में पटेल का योगदान अविस्मरणीय है। गुजरात में स्थापित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी उनके व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में योगदान की प्रेरणा देता है।

उप मुख्यमंत्री ने छत्रपति शिवाजी महाराज के संघर्ष और नेतृत्व का उल्लेख करते हुए सामाजिक एकजुटता की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कुर्मी समाज की पहचान कृषि प्रधान समाज के रूप में रही है। बदलते समय के साथ किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, फसल विविधीकरण और बेहतर उत्पादन के माध्यम से अपनी आय बढ़ाने की दिशा में प्रयास करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से सामाजिक विकास के साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि सरदार पटेल ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए देश के एकीकरण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने सामाजिक संगठन और सामूहिक प्रयासों को समाज की प्रगति के लिए आवश्यक बताया।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि सामाजिक एकजुटता से विकास के नए अवसर पैदा होते हैं। ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने समाज के लोगों से भावी पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए मिलकर कार्य करने की अपील की।

इस अवसर पर कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, छत्तीसगढ़ कुर्मी क्षत्रिय समाज के दुर्ग संभाग मंत्री नंदलाल चंद्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगरपालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी सहित जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित