सरगुजा , जनवरी 12 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा फर्जी कृषि ऋण बांटने का बड़ा घोटाला सामने आया है। आरोप है कि बैंक प्रबंधन ने लगभग ढाई हजार किसानों के नाम पर बीस करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी ऋण बनाए, जिनमें से कई ऋण उन किसानों के नाम दर्ज किए गए जो इस दुनिया में नहीं हैं।
यह मामला तब उजागर हुआ जब किसान धान बेचने के लिए सहकारी समितियों के क्रय केंद्रों पर पहुंचे। वहां प्रबंधकों ने उन्हें बताया कि उनके नाम पर बैंक से लिए गए ऋण की राशि काटने के बाद ही उन्हें धान का भुगतान मिलेगा। हैरान किसानों ने बताया कि उन्होंने कभी कोई ऋण नहीं लिया था। छह गांवों के किसानों का दावा है कि सहकारी समितियों के कंप्यूटर सिस्टम में उनके नाम ऋणधारी दर्शाए जा रहे हैं, जबकि वास्तविकता इससे परे है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित