अंबिकापुर , जून 01 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला का रक्तरंजित शव उसके घर में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला के शरीर पर चोट के कई निशान पाए जाने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका के मद्देनजर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, लखनपुर थाना क्षेत्र के बेलदागी मुख्य मार्ग स्थित एक मकान में रहने वाली लक्ष्मी लकड़ा (70) पत्नी बैजनाथ लकड़ा का शव सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। आज सुबह करीब साढ़े सात बजे घर में काम करने वाली युवती ने महिला को खून से लथपथ अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद उसने आसपास के लोगों को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया तथा मौके का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए, जिससे हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित