अंबिकापुर , मई 17 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में मामूली विवाद में पत्नी की मारपीट कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने रविवार को आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद आरोपी द्वारा अस्पताल में भर्ती कराकर खुद को बचाने का प्रयास भी किया गया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 मई 2026 को आवेदक प्रसन्न अगरिया, निवासी सकरिया कुन्नी थाना लखनपुर, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बहन हीरो बाई को उसके पति प्रदीप अगरिया निवासी भिट्ठीकला ने 14 मई 2026 को सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें पहुंचाई थीं। घायल महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना मणिपुर में अपराध क्रमांक 95/2026 धारा 103(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। पुलिस ने घटनास्थल निरीक्षण, साक्ष्य संकलन एवं शव पंचनामा की कार्रवाई पूर्ण कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा।

विवेचना के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर के मार्गदर्शन में थाना मणिपुर पुलिस एवं साइबर सेल अंबिकापुर की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।

मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रदीप अगरिया को बांकी डेम के निकट जंगल क्षेत्र से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि विवाद के दौरान गुस्से में उसने पत्नी पर हमला किया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई, और गिरफ्तारी के डर से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, सहायक उप निरीक्षक अनिल पाण्डेय, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत कुमार मिश्रा सहित प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक दल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित