अंबिकापुर , मई 24 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में आबकारी विभाग की उड़नदस्ता टीम ने कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से गांजा तस्करी कर रहे पति-पत्नी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 22.600 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपये बताई गई है।

आबकारी विभाग के अधिकारियों ने रविवार को बताया कि सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में उड़नदस्ता टीम थाना सीतापुर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान बंदना मेन रोड से मैनपाट की ओर जाते समय जजगा पुलिया के पास एक महिला और पुरुष उड़ीसा नंबर की टीवीएस जूपिटर वाहन के साथ दो बोरियों के पास संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए।

टीम द्वारा पूछताछ किए जाने पर दोनों घबरा गए और बोरियों में गांजा होना स्वीकार किया। पूछताछ में पुरुष ने अपना नाम रूपनाथ यादव तथा महिला ने इच्छा यादव बताया। दोनों पति-पत्नी हैं। रूपनाथ यादव मूल रूप से बंदना, थाना सीतापुर का निवासी है, जबकि विवाह के बाद वह उड़ीसा के सुंदरगढ़ जिले के किंजीर कला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रस्टी में पत्नी के साथ रह रहा था।

आरोपियों के कब्जे से बरामद गांजे का कुल वजन 22.600 किलोग्राम पाया गया। आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि छत्तीसगढ़ में आने वाले अधिकांश गांजे की सप्लाई उड़ीसा से होती है और इस पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक रमेश दुबे, प्रधान आरक्षक अशोक सोनी, महिला सैनिक राजकुमारी सिंह एवं चंद्रावती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित