अंबिकापुर , अप्रैल 30 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ साइबर सेल अंबिकापुर एवं थाना लुंड्रा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 101 लीटर से अधिक अंग्रेजी शराब और एक डस्टर वाहन जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार 29 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लुंड्रा क्षेत्र के बहेराडीह निवासी दया साहू मध्यप्रदेश से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लाकर अपने पुराने मकान में संग्रहित कर आसपास के क्षेत्रों में अवैध रूप से बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान आरोपी दया साहू अपनी डस्टर कार से निकलते हुए पकड़ा गया। वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की से 750 मिली लीटर की 6 बोतल आफ्टर डार्क व्हिस्की तथा 180 मिली लीटर की 300 नग अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 101.46 लीटर और कीमत लगभग 92,060 रुपये आंकी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित