मैनपाट/सरगुजा , फरवरी 13 -- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को सरगुजा जिले के मैनपाट में आयोजित तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव का शुभारंभ किया। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह महोत्सव सरगुजा की समृद्ध संस्कृति और अस्मिता को व्यापक पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम है। इस आयोजन से न केवल क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन के लिए एक राष्ट्रीय स्तर का मंच भी प्राप्त होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने मैनपाट में पर्यटन गतिविधियों के संवर्धन के लिए 1 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। वहीं, सीतापुर में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक सर्व सुविधायुक्त बस स्टैंड के निर्माण की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने सरगुजा जिले को 523 करोड़ 20 लाख 53 हजार रुपए की लागत के 109 विकास कार्यों की सौगात दी, जिसमें 429 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के 81 कार्यों का भूमिपूजन और 94 करोड़ रुपए से अधिक के 28 कार्यों का लोकार्पण शामिल रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मंत्र को आत्मसात करते हुए राज्य सरकार 'विकसित छत्तीसगढ़' के संकल्प पर कार्य कर रही है। उन्होंने राज्य की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना का जिक्र करते हुए बताया कि इससे 70 लाख से अधिक माताओं-बहनों को लाभ मिल रहा है और उनके खातों में 15 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि पिछले दो वर्षों में केन्द्र सरकार के प्रयासों से यह क्षेत्र नक्सलवाद से मुक्त हो रहा है और सुरक्षाबलों के जवानों के साहस को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का पारंपरिक तिब्बती नृत्य "ताशी शोपा" के साथ भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और पात्र हितग्राहियों को सामग्री वितरित की। स्थानीय कलाकारों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर महोत्सव में रंग जमाया।
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में प्रदेश में पर्यटन के विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मैनपाट जैसे प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर स्थल पर बढ़ते पर्यटकों की संख्या से स्थानीय युवाओं और महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। विधायक राम कुमार टोप्पो ने कहा कि यह महोत्सव हमारी संस्कृति और प्रकृति के प्रति प्रेम का उत्सव है। विधायक प्रबोध मिंज ने 500 करोड़ रुपए से अधिक की विकास कार्यों की सौगात को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताया, जिससे मैनपाट में आधारभूत संरचना मजबूत होगी और पर्यटन को नई गति मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित