अंबिकापुर , अप्रैल 07 -- छत्तीसगढ के सरगुजा जिले में शराब बिक्री में इस वित्त वर्ष 2025-26 में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की है, जिससे आबकारी विभाग के राजस्व में बड़ा इजाफा हुआ है।

आंकड़ों के अनुसार जिले में इस वर्ष मदिरा प्रेमियों ने पिछले साल की तुलना में 33 करोड़ 59 लाख 67 हजार 330 रुपये अधिक की शराब खरीदी, जिससे शासन की आमदनी में महत्वपूर्ण वृद्धि हुई है।

आबकारी विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक वित्त वर्ष 2024-25 में जिले में कुल 126 करोड़ 65 लाख 07 हजार 090 रुपये की शराब बिक्री दर्ज की गई थी। वहीं वित्त वर्ष 2025-26 में यह आंकड़ा बढ़कर 160 करोड़ 24 लाख 74 हजार 420 रुपये पहुंच गया। इस प्रकार कुल बिक्री में करीब 26.53 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जिसे विभाग के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

विशेषज्ञों के अनुसार इस वृद्धि के पीछे कई प्रमुख कारण हैं। शादी-विवाह के सीजन में बढ़ी मांग, त्योहारों के दौरान खपत में इजाफा और बाजार में शराब की सहज उपलब्धता ने बिक्री को बढ़ावा दिया है। इसके अलावा उपभोक्ताओं का झुकाव अब प्रीमियम ब्रांड्स की ओर बढ़ा है, जिससे कुल राजस्व में और वृद्धि हुई है।

गौरतलब है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी शराब की खपत में तेजी आई है। पहले जहां ग्रामीण इलाकों में सीमित बिक्री होती थी, वहीं अब वहां भी खपत का दायरा काफी बढ़ गया है। यह परिवर्तन जिले की बदलती जीवनशैली और उपभोग के पैटर्न को दर्शाता है।

आबकारी विभाग का कहना है कि इस राजस्व वृद्धि में विभाग की सख्त निगरानी और पारदर्शी व्यवस्था की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अवैध शराब पर नियंत्रण, नियमित जांच और लाइसेंसधारी दुकानों के माध्यम से बिक्री सुनिश्चित करने से न केवल राजस्व बढ़ा है, बल्कि अनियमितताओं पर भी प्रभावी रोक लगी है।

जिला आबकारी अधिकारी एल के गायकवाड ने बताया कि विभाग आगे भी इसी तरह निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाए रखेगा, ताकि राजस्व वृद्धि के साथ-साथ व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित