अंबिकापुर , सितंबर 13 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर में लंबे समय से खराब पड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग-43 की सड़क के नए निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। सीतापुर शहर में 3.8 किलोमीटर लंबी सड़क को फोरलेन किया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और बारिश थमने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने रविवार को सड़क निर्माण की जानकारी देते हुए बताया कि सीतापुर की जर्जर सड़क के नए निर्माण को हरी झंडी मिल गई है। उन्होंने कहा कि टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और बारिश थमते ही सड़क निर्माण शुरू होगा। फिलहाल सड़क की अस्थायी मरम्मत की जा रही है।
इस सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर कांग्रेस भी प्रदर्शन कर चुकी है। पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत के नेतृत्व में सड़क की स्थिति को लेकर प्रदर्शन किया गया था।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पहले भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की इनोवा कार इसी एनएच-43 पर सीतापुर शहर के बीच एक गड्ढे में फंस गई थी। कार को गड्ढे से निकालने में करीब दो घंटे लगे थे। इसके बाद अंबिकापुर पहुंचकर पवन साय ने सड़क की खराब स्थिति को लेकर अधिकारियों समेत पार्टी के बड़े नेताओं को जमकर फटकार लगाई थी।
जानकारी के अनुसार पवन साय बीते बुधवार शाम जशपुर से अंबिकापुर आ रहे थे। उन्हें सूरजपुर और कोरिया में होने वाली भाजपा की बैठक में शामिल होना था। इसी दौरान सीतापुर शहर के बीच एनएच-43 पर उनकी इनोवा कार गड्ढे में फंस गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित