रायपुर , अक्टूबर 28 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित दूसरे सरगुजा ओलंपिक में इस वर्ष छह जिलों के चार लाख 16 हजार 813 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। इनमें महिला खिलाड़ियों की भागीदारी पुरुषों की तुलना में अधिक रही है। संभाग के सभी जिलों में विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं संपन्न होने के बाद अब जिला स्तरीय मुकाबलों की तैयारियां की जा रही हैं।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरगुजा ओलंपिक के लिए 10 अगस्त से 10 सितंबर तक पंजीयन की प्रक्रिया संचालित की गई थी। इस दौरान एक लाख 73 हजार 884 पुरुष और दो लाख 42 हजार 929 महिला खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया। इस प्रकार महिला खिलाड़ियों की संख्या पुरुषों से 69 हजार 45 अधिक रही।

जिलावार पंजीयन में सूरजपुर 99 हजार 322 खिलाड़ियों के साथ पहले स्थान पर रहा। इसके बाद बलरामपुर-रामानुजगंज से 91 हजार 995, सरगुजा से 90 हजार 116, जशपुर से 74 हजार 809, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर से 33 हजार 676 तथा कोरिया जिले से 26 हजार 895 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है।

उप मुख्यमंत्री एवं खेल तथा युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के साथ उनकी खेल एवं रचनात्मक प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का मंच मिल रहा है।

विभागीय जानकारी के मुताबिक, संभाग के सभी छह जिलों में एक से 10 अक्टूबर के बीच विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन स्पर्धाओं में विजेता खिलाड़ी जिला स्तर पर प्रतिस्पर्धा करेंगे। हॉकी और कुश्ती के मुकाबले सीधे जिला स्तर पर आयोजित किए जा रहे हैं। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं भी पूरी हो चुकी हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, जशपुर में 29 और 30 अक्टूबर, सरगुजा, कोरिया तथा बलरामपुर-रामानुजगंज में तीन से पांच नवंबर और सूरजपुर में चार एवं पांच नवंबर को जिला स्तरीय मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद 15 से 20 नवंबर के बीच प्रस्तावित संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं में सभी छह जिलों के विजेता खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

सरगुजा ओलंपिक में कुल 12 खेल विधाओं को शामिल किया गया है। इनमें एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, कराते, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और रस्साकशी शामिल हैं। प्रतियोगिताएं जूनियर और सीनियर वर्ग में आयोजित की जा रही हैं। जूनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष आयु के बालक-बालिकाएं भाग ले रहे हैं, जबकि सीनियर वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों के लिए कोई अधिकतम आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है।

उल्लेखनीय है कि सरगुजा क्षेत्र में खेल गतिविधियों के विस्तार और स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से पिछले वर्ष इस आयोजन की शुरुआत की गई थी। प्रतियोगिताओं को विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर आयोजित कर अधिकाधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने नागरिकों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों से जिला एवं संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित