नयी दिल्ली , जुलाई 16 -- दिल्ली सरकार ने राजधानी में भूजल स्तर सुधारने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए वर्षा जल संचयन अभियान को मिशन मोड में तेज कर दिया है।
दिल्ली के लोक निर्माण एवं जल मंत्री परवेश साहिब सिंह ने गुरुवार को यहाँ त्यागराज स्टेडियम में पुनर्स्थापित वर्षा जल संचयन प्रणाली का निरीक्षण कर विभिन्न सरकारी संस्थानों में चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "कैच द रेन - व्हेयर इट फॉल्स, व्हेन इट फॉल्स" अभियान को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली सरकार वर्षा की प्रत्येक बूंद को संरक्षित करने के लिए व्यापक स्तर पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि लगातार गिरते भूजल स्तर को रोकने के लिए वर्षा जल का संरक्षण बेहद जरूरी है। सरकार ने सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, अस्पतालों, स्टेडियमों और अन्य सार्वजनिक संस्थानों में 1,000 मौजूदा वर्षा जल संचयन प्रणालियों के पुनर्स्थापन तथा 500 नयी रेनवॉटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं के निर्माण का लक्ष्य तय किया है। अब तक करीब 400 पुरानी प्रणालियों का पुनर्स्थापन पूरा हो चुका है, जबकि 400 से अधिक पर काम जारी है। वहीं, नयी संरचनाओं के लक्ष्य के तहत लगभग 100 का निर्माण पूरा हो गया है और 250 से अधिक निर्माणाधीन हैं। इस प्रकार 750 से अधिक नयी और पुनर्स्थापित परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं या प्रगति पर हैं।
श्री सिंह ने बताया कि दिल्ली जल बोर्ड भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। बोर्ड ने 611 मौजूदा वर्षा जल संचयन प्रणालियों के पुनर्स्थापन का कार्य शुरू किया है, जिनमें से 330 पूरे हो चुके हैं और 120 पर कार्य जारी है। शेष परियोजनाओं को भी चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जायेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीमें सरकारी परिसरों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित कर रही हैं कि सभी मौजूदा प्रणालियां फिर से पूरी क्षमता के साथ कार्य करें और जहां आवश्यकता हो, वहां नयी प्रणालियां स्थापित की जायें।
उन्होंने कहा कि सरकार नये बोरवेल की अनुमति को वर्षा जल संचयन प्रणाली से अनिवार्य रूप से जोड़ने के प्रस्ताव पर भी विचार कर रही है, ताकि जितना भूजल निकाला जाये, उतना ही उसका पुनर्भरण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार जल-सुरक्षित, जलवायु-अनुकूल और टिकाऊ राजधानी के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित