चंडीगढ़ , जुलाई 01 -- शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पर पंजाब की महिलाओं के साथ छल करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि आम आदमी पार्टी ने पिछले विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं को मासिक आर्थिक सहायता देने का वादा किया था, लेकिन अब आंशिक राशि दे रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार को वादे के अनुरूप प्रत्येक पात्र महिला के बैंक खाते में एक हजार रुपये प्रतिमाह के हिसाब से अब तक की पूरी राशि डालनी चाहिए।

श्री बादल ने कहा कि सरकार ने केवल कुछ महिलाओं को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 3,000 रुपये की तीन महीने की सहायता दी है। उन्होंने दावा किया कि यह राशि महिलाओं को पिछले साढ़े चार वर्षों में मिलने वाली कुल सहायता पर बनने वाले ब्याज के बराबर भी नहीं है।

अकाली दल अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार ने महिलाओं को उनका पूरा अधिकार देने के बजाय विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से आंशिक भुगतान किया है। इससे स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता महिलाओं का कल्याण नहीं, बल्कि चुनावी फायदा उठाना है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता इस कथित छल का जवाब चुनाव में देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित