जयपुर , मई 19 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि सरकार को लोगों के सामने पेट्रोल-डीजल संकट के मामले में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि जनता आने वाली परेशानी के लिए तैयार रहे।

श्री गहलोत ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि सोमवार को आवास पर जोधपुर से मिलने आये कई आगुंतकों ने बताया कि वहां पेट्रोल पंपों पर सीमित मात्रा में ही पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है और बहुत से पेट्रोल पंपों पर डीजल-पेट्रोल उपलब्ध नहीं है। जोधपुर से जयपुर तक आते हुए तीन-चार बार पेट्रोल-डीजल भरवाना पड़ रहा है, क्योंकि एक हजार रुपये से अधिक का ईंधन नहीं दिया जा रहा है। एलपीजी सिलेंडर भी कई-कई दिनों तक नहीं मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार कह रही है कि पेट्रोल-डीजल- एलपीजी की कोई कमी नहीं है। पेट्रोल पंप मालिकों से इसकी जानकारी लेने पर वे बता रहे हैं कि सरकार ने मौखिक आदेश देकर सीमित मात्रा में पेट्रोल-डीजल देने के लिए कहा है। इसलिए पेट्रोल पंपों पर लम्बी लाइन लग रही है।

श्री गहलोत ने कहा कि आज खबरें हैं कि जोधपुर के 40 प्रतिशत पेट्रोल पंप पर पेट्रोल-डीजल खत्म् हो चुका है। यह संकट का समय है, इसलिए सरकार को जनता के सामने असत्य बोलने एवं गुमराह करने की बजाय सच बताये, जिससे जनता आने वाली परेशानी के लिए तैयार रहे और कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी हो सके। अपुष्ट जानकारियों से अफवाह फैलती है, जिससे जनता भ्रमित होती है और उथल-पुथल की स्थिति बनती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित