नयी दिल्ली , अप्रैल 30 -- दिल्ली के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने गुरुवाार को कहा कि दिल्ली सरकार लगातार ऐसे कदम उठा रही है जिससे नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आसानी से सुविधा मिल सके।

खाद्य एवं आपूर्ति विभाग दो मई से दिल्ली के सभी जिला कार्यालयों में 'जन सुनवाई कैंप' शुरू कर रहा है। यह कैंप हर शनिवार सुबह 9:00 बजे से 11:00 बजे तक आयोजित होंगे, जहां लोग राशन कार्ड से जुड़ी अपनी समस्याएं जैसे नया कार्ड बनवाना, सुधार, पात्रता और वितरण से जुड़े मुद्दे सीधे अधिकारियों के सामने रख सकेंगे और समाधान प्राप्त कर सकेंगे।

श्री सिरसा ने आज कहा, "हम लोगों और सरकारी सेवाओं के बीच की दूरी को कम कर रहे हैं और शिकायतों के समाधान को लोगों के दरवाजे तक ला रहे हैं। कोई भी पात्र परिवार अपने हक से वंचित नहीं रहेगा। मैं सभी पात्र नागरिकों से अपील करता हूं कि वे इन कैंप में जरूर आएं और हमारी जिम्मेदार व्यवस्था का लाभ उठाएं।"उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने निर्देश दिए हैं कि राशन कार्ड से जुड़े सभी मामलों को प्राथमिकता के साथ निपटाया जाए, खासकर वे मामले जहां लोगों को लगता है कि उनके कार्ड गलत तरीके से बंद हो गए हैं। ऐसे मामलों में लोग कैंप में आकर तुरंत आवेदन कर सकते हैं और मौके पर ही समाधान पा सकते हैं।

यह पहल सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसमें जनवितरण प्रणालीव्यवस्था (पीडीएस) को मजबूत, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा रहा है। जिन लोगों को राशन कार्ड से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या है, वे अपने नजदीकी जिला कार्यालय में तय समय पर जाकर आवेदन या शिकायत दर्ज करा सकते हैं और वहीं समाधान पा सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित