चंडीगढ़ , जून 20 -- पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिह चीमा ने शनिवार को बताया कि राज्य सरकार ने पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) में 2,437 अप्रेंटिस प्रशिक्षुओं को असिस्टेंट लाइनमैन (एएलएम) के रूप में समायोजित करने का फैसला किया है।

वित्त मंत्री ने कहा कि यह निर्णय अप्रेंटिस प्रशिक्षुओं की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के प्रति भगवंत मान सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों में रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए मिशन मोड में कार्य किया है।

श्री चीमा ने बताया कि पंजाब के महाधिवक्ता की कानूनी सलाह के आधार पर पीएसपीसीएल के निदेशक मंडल ने 2,437 अप्रेंटिस प्रशिक्षुओं को असिस्टेंट लाइनमैन के पद पर समायोजित करने को मंजूरी प्रदान की है। वर्तमान में ये प्रशिक्षु पीएसपीसीएल और पंजाब स्टेट ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसटीसीएल) में लाइनमैन ट्रेड के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रशिक्षुओं के लिए एक विशेष छूट के तहत पंजाबी भाषा की अनिवार्य परीक्षा आयोजित की जायेगी। परीक्षा की तिथि और कार्यक्रम पीएसपीसीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जल्द जारी की जायेगी , जिसके बाद समायोजन प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का मानना है कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना उनकी ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाने और उन्हें सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए बेहद जरूरी है। इसी सोच के तहत सरकार लगातार रोजगार सृजन के प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2022 से अब तक पीएसपीसीएल और पीएसटीसीएल में कुल 9,627 भर्तियां की जा चुकी हैं। इनमें 8,048 नियुक्तियां सीधी भर्ती के माध्यम से तथा 1,579 नियुक्तियां अनुकंपा के आधार पर की गयी हैं। इसी वर्ष मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न श्रेणियों के 570 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किये गये थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित