चंडीगढ़ , मार्च 19 -- पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ बलबीर सिंह ने गुरुवार को कपूरथला में एक नये सरकारी मेडिकल कॉलेज की स्थापना की घोषणा की। होशियारपुर में 'शहीद उधम सिंह स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज' के बाद इस महीने घोषित होने वाला यह दूसरा बड़ा संस्थान है। नया मेडिकल कॉलेज कपूरथला के मौजूदा जिला अस्पताल परिसर में तैयार किया जाएगा।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि कॉलेज का निर्माण 25 मार्च 2026 को शुरू होगा और इसका निर्माण कार्य मार्च2028 तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 275 करोड़ रूपये की लगात से बनने वाले इस कॉलेज में प्रति वर्ष 100 एमबीबीएस सीटें होंगी और अस्पताल में 300 बेड की सुविधा मिलेगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने जोर देकर कहा कि इस संस्थान के शुरू होने से न केवल पंजाब के छात्रों को विदेशों में महंगे विकल्पों से राहत मिलेगी, बल्कि इस क्षेत्र के लोगों को अत्याधुनिक माध्यमिक और तृतीयक स्वास्थ्य सेवाएं भी मिलेंगी। उन्होंने कहा, " यह संस्थान रोजगार का एक बड़ा स्रोत बनेगा। इससे 1,000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और हजारों लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा।" स्वास्थ्य नेटवर्क को और मजबूत करने के लिए सुल्तानपुर लोधी के सरकारी अस्पताल को 'अर्बन सेंटर' के रूप में अपग्रेड किया जाएगा। बेगोवाल के सरकारी अस्पताल को 'रूरल सेंटर' के रूप में विकसित किया जाएगा। ये दोनों केंद्र कपूरथला के नए मेडिकल कॉलेज के साथ संबद्ध होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित