नयी दिल्ली , अप्रैल 29 -- दिल्ली सरकार ने राजधानी में प्रवेश करने वाले वाणिज्यिक वाहनों पर एनवायरनमेंटल कम्पेन्सेशन चार्ज (ईसीसी) बढ़ाने की अधिसूचना जारी कर दी है।
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि यह दिल्ली की प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई में एक बड़ा कदम है। संशोधित ईसीसी केवल राजस्व बढ़ाने का उपाय नहीं है, बल्कि यह एक मजबूत पर्यावरणीय रोक है, जिसका उद्देश्य खासकर डीज़ल से चलने वाले प्रदूषण फैलाने वाले कमर्शियल वाहनों की अनावश्यक एंट्री को कम करना है।दिल्ली अब अनावश्यक वाहन प्रदूषण का बोझ और नहीं उठा सकती। ईसीसी बढ़ाकर सरकार ने साफ संदेश दिया है कि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के दिल्ली में प्रवेश की पर्यावरणीय कीमत अब काफी अधिक होगी।
श्री सिरसा ने कहा कि नयी व्यवस्था के अनुसार, कैटेगरी 2 (हल्के वाणिज्यिक वाहन आदि) और कैटेगरी 3 (2 एक्सल ट्रक) के लिए ईसीसी 1,400 से बढ़ाकर 2,000 कर दिया गया है। वहीं कैटेगरी 4 (3 एक्सल ट्रक) और कैटेगरी 5 (4 एक्सल ट्रक और उससे ऊपर) के लिए ईसीसी 2,600 से बढ़ाकर 4,000 कर दिया गया है।
शीर्ष न्यायालय के आदेशों के अनुसार दिल्ली सरकार ने दिल्ली में प्रवेश करने वाले कमर्शियल वाहनों पर एनवायरनमेंटल कम्पेन्सेशन चार्ज (ईसीसी) बढ़ाने की अधिसूचना जारी की है। यह अधिसूचना कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (सीएक्यूएम) के प्रस्ताव के आधार पर जारी की गई है, जिसमें ईसीसी की दरों को संशोधित करने की सिफारिश की गई थी, ताकि इसकी रोकथाम क्षमता फिर से मजबूत हो सके और प्रदूषण फैलाने वाले कमर्शियल वाहनों की दिल्ली में एंट्री को कम किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित