नयी दिल्ली , मई 13 -- सरकार ने गुजरात के अहमदाबाद (सरखेज) से धोलेरा तक सेमी हाई-स्पीड डबल लाइन रेल परियोजना को मंजूरी दे दी है जिस पर लगभग 20,667 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

केन्द्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अश्वनी वैष्णव ने बुधवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने गुजरात में अहमदाबाद (सरखेज) से धोलेरा तक सेमी हाई-स्पीड डबल लाइन रेल परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल अनुमानित लागत लगभग 20,667 करोड़ रुपये होगी और इसे वर्ष 2030-31 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि करीब 134 किलोमीटर लंबी यह परियोजना भारतीय रेलवे की पहली सेमी हाई-स्पीड रेल परियोजना होगी, जिसे स्वदेशी तकनीक के आधार पर विकसित किया जाएगा।इस परियोजना से अहमदाबाद और धोलेरा के बीच यात्रा समय में काफी कमी आएगी, जिससे यात्रियों को आरामदायक दैनिक आवागमन और एक ही दिन में आने-जाने की सुविधा मिल सकेगी। इसके साथ ही यह रेल कॉरिडोर दूर-दराज के क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर संपर्क प्रदान करेगा।

सरकार ने कहा कि यह परियोजना देश में भविष्य में विकसित होने वाले सेमी हाई-स्पीड रेल नेटवर्क के लिए एक मॉडल परियोजना का काम करेगी। नयी रेल लाइन से भारतीय रेलवे की सेवा विश्वसनीयता और परिचालन क्षमता में भी सुधार होगा। यह परियोजना प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के तहत तैयार की गई है, जिसका उद्देश्य मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स दक्षता को बढ़ाना है। परियोजना के जरिए लोगों, सामान और सेवाओं की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित की जाएगी।

गुजरात के अहमदाबाद जिले को कवर करने वाली इस परियोजना से लगभग 284 गांवों की करीब 5 लाख आबादी को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। सरकार का कहना है कि इससे क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा स्थानीय विकास को गति मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित