चंडीगढ़ , अगस्त 11 -- हरियाणा के सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी और सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति उदासीनता का खामियाजा प्रदेश की जनता भुगत रही है। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण प्रदेश के कई शहरों में सड़कों, बाजारों और रिहायशी इलाकों में हजारों टन कचरा जमा हो गया है। मानसून के दौरान कचरे के ढेर और जलभराव से मच्छर, मक्खियों तथा संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।
सुश्री सैलजा ने कहा कि सरकार को कर्मचारियों से टकराव के बजाय बातचीत का रास्ता अपनाकर उनकी जायज मांगों का समयबद्ध समाधान करना चाहिए। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार प्रदेश की 87 निकायों और 103 दमकल केंद्रों से जुड़े कर्मचारी आंदोलनरत हैं। हिसार में करीब एक हजार टन कचरा जमा होने की स्थिति सामने आई है, जबकि रोहतक, सोनीपत, झज्जर, पानीपत, अंबाला, करनाल, भिवानी और चरखी दादरी समेत कई शहरों में सफाई व्यवस्था प्रभावित है।
उन्होंने कहा कि सरकार को तत्काल वैकल्पिक सफाई व्यवस्था करने के साथ कर्मचारियों से सार्थक वार्ता कर गतिरोध समाप्त करना चाहिए। कर्मचारियों को सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां उपलब्ध करवाना सरकार की जिम्मेदारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित