पटना , अक्टूबर 22 -- िहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को सरकार की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी आम लोगों तक त्वरित एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिये हैं, जिससे लोगों को योजनाओं की जानकारी मिल सके और वे इसका लाभ उठा सकें। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में सूचना एवं जन-संपर्क विभाग की समीक्षा बैठक की।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी पहलों की जानकारी आम लोगों तक पहुँचाने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के सचिव नवीन कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभाग के कार्यों की अद्यतन जानकारी दी। उन्होंने विभाग की प्राथमिकतायें, सरकारी की कल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुँचाने के लिए किये जा रहे कार्य तथा माध्यमों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि सूचना एवं जन-संपर्क विभाग सरकार और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने निर्देश दिये कि विभाग यह सुनिश्चित करे कि जनहित से जुड़ी सूचनायें समय पर लोगों तक पहुँचें और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल की जाए। उन्होंने कहा कि सूचना एवं जन-संपर्क विभाग सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी सरल एवं प्रभावी तरीके से आम जनता तक पहुँचाये, जिससे लोग योजनाओं के प्रति जागरूक हों और उनका लाभ शीघ्र उठा सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों, विधि-व्यवस्था तथा अन्य महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों की निगरानी तथा नकारात्मक एवं भ्रामक खबरों पर त्वरित कार्रवाई के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम को सक्रिय करने को लेकर कार्य किया जाय।उन्होंने कहा कि पत्रकारों की पेंशन योजना से संबंधित नियमों और प्रावधानों की जानकारी सभी को प्राप्त हो, जिससे पत्रकारों को इसकी जानकारी मिल सकें और वे लाभान्वित हो सकें। उन्होंने कहा कि लोगों की जो समस्यायें या सुझाव सोशल मीडिया साइट्स पर आते हैं उसका प्रभावी विश्लेषण करें। सरकार के स्तर पर उसको लेकर जो कार्रवाई की जाती है, उसके संबंध में जानकारी लोगों को दें। विभागीय स्तर, जिला स्तर एवं पंचायत स्तर पर लोगों के फीडबैक, सुझाव एवं शिकायतों को लेकर बेहतर प्रबंधन एवं निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की सभ्यता एवं संस्कृति का वैश्विक स्तर पर प्रचार प्रसार हो। बिहार के लोग जो अन्य राज्यों में या विदेश में रहते है उनसे जुड़ें, बिहार के संबंध में फीडबैक लें तथा बिहार की खासियत एवं बढ़ते बिहार की उपलब्धियों से अवगत करायें। उन्होंने कहा कि बिहार के गौरवशाली अतीत को फिर से वापस लाना है बिहार को समृद्ध प्रदेश बनाना है इसके लिए सबका सहयोग आवश्यक है।
बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, निदेशक, सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग श्रीमती गुंजन सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित