बिहारशरीफ़ , मई 29 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री-सह-नालंदा प्रभारी मंत्री विजय कुमार चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि जिले में चल रही विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं का क्रियान्वयन संतोषजनक गति से हो रहा है और सरकार की प्राथमिकता विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना है। उपमुख्यमंत्री-सह-नालंदा प्रभारी मंत्री विजय कुमार चौधरी ने आज नालंदा जिले में बीस सूत्री एवं जिला नागरिक परिषद की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान जिले में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।बैठक में बाढ़ एवं सुखाड़ की पूर्व तैयारी पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि जिले में सरकार की योजनाओं का क्रियान्वयन संतोषजनक गति से चल रहा है। उन्होंने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में तनाव और युद्ध जैसे हालात गंभीर होते जा रहे हैं, जिसका असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में देश की अर्थव्यवस्था पर भी दबाव बनना स्वाभाविक है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों के निर्वहन की अपील की है।

उपमुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि जिला नागरिक परिषद की भूमिका ऐसे समय में और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने कहा कि परिषद समाज के जिम्मेदार नागरिकों को उनके कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का कार्य करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित