बारां , मई 09 -- राजस्थान में बांरा जिले के प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संगठन और सरकार के बेहतर तालमेल के साथ कार्य कर रही है तथा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

श्री देवासी शनिवार को बारां में (भाजपा) की जिला स्तरीय बैठक में सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने विकास रथों में संगठन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि कार्यकर्ता ही सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की सबसे मजबूत कड़ी हैं।

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संभाग प्रभारी अल्का मूंदड़ा ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक दल अपने समर्पित कार्यकर्ताओं की बदौलत बना है। उन्होंने स्वयं को राज्य और जिले के बीच सेतु बताते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक गति देने का आह्वान किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिकरवार ने कहा कि केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार जिले एवं सभी मंडलों की बैठकें सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी हैं। शीर्ष नेतृत्व द्वारा मांगी गई संगठनात्मक रिपोर्ट शीघ्र तैयार करके भेजी जाएगी। सिकरवार ने संगठन के ढांचे को और अधिक मजबूत बनाने और आगामी चुनावों को देखते हुए संगठनात्मक रणनीति पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया।

बैठक में किशनगंज विधायक डॉ. ललित मीणा, पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश मीणा, नागरिक बैंक अध्यक्ष हरगोविंद जैन, वरिष्ठ नेता नंदकिशोर यादव, जिला महामंत्री लक्ष्मीनारायण केरवालिया, राकेश जैन, महावीर सिंह हाड़ा, प्रधान मोरपाल सुमन तथा शहर अध्यक्ष ओ.पी. पारेता सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित