नयी दिल्ली , जुलाई 14 -- कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य एवं उपनेता प्रतिपक्ष प्रमोद तिवारी ने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है।
श्री तिवारी ने बयान जारी कर कहा कि ताजा आंकड़ों के अनुसार खुदरा महंगाई दर बढ़कर 4.38 प्रतिशत पर पहुंच गयी है, जो पिछले लगभग 18 महीनों का सबसे ऊंचा स्तर है। उन्होंने दावा किया कि शहरी क्षेत्रों में महंगाई दर 5.09 प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्रों में 5.45 प्रतिशत होने से आम जनता का जीवन कठिन हो गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेशों में सम्मान प्राप्त करने का दावा करते हैं, लेकिन उनकी आर्थिक नीतियों की कीमत देश की जनता बढ़ती महंगाई के रूप में चुका रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों के कारण देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और आम लोगों पर लगातार बोझ बढ़ता जा रहा है।
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के आपातकाल संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए श्री तिवारी ने कहा कि आज सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर खतरा मंडरा रहा है और मीडिया की निष्पक्षता पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं से दूसरों पर आरोप लगाने से पहले आत्ममंथन करने की नसीहत दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित