बारां , मई 31 -- राजस्थान भारतीय जनता पार्टी के (भाजपा) के 'संकल्प से सिद्धि के 12 वर्ष बेमिसाल' अभियान के तहत रविवार को शहर के तेल फैक्ट्री क्षेत्र स्थित एक निजी मैरिज रिजॉर्ट में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाना ने कहा कि कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अभियान के तहत आगामी दिनों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जाने की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश महामंत्री मोतीलाल मीणा ने 'मन की बात' कार्यक्रम की महत्ता बताते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सामूहिक रूप से कार्यक्रम सुनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने कहा कि संगठन का कार्य ही कार्यकर्ता की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित