उदयपुर , मई 16 -- राजस्थान में आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने कहा है कि राज्य सरकार की अपेक्षा के अनुरूप लक्ष्य में प्रगति आवश्यक है जिन जिलों में अपेक्षा के अनुरूप प्रगति नहीं है वहां जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
आबकारी आयुक्त मेहता शनिवार को वीडियों काॅफ्रेंस के माध्यम से विभागीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने राज्य में राजस्व की वसूली के लिए अभियान चलाने, जिन जिलों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है वहां विशेष निरोधात्मक अभियान को 31 मई तक जारी रखने एवं जब्त वाहनों के निस्तारण के लिये जून में अभियान के तहत नियमानुसार नीलामी के निर्देश दिए।
श्री मेहता ने राज्य में मदिरा दुकानों के बंदोबस्त के लिए 15 मई को नीलामी प्रक्रिया के तहत अलवर, उदयपुर, भरतपुर, भीलवाड़ा एवं हनुमानगढ़ जिलों में शत-प्रतिशत मदिरा दुकानों का बंदोबस्त पूर्ण होने पर संबंधित अधिकारियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि बंदोबस्त का कार्य अपेक्षा के अनुरूप है लेकिन कुछ जिलों में अपेक्षित प्रगति नही होने के कारण कुछ दुकानें शेष रह गई है। जिन जिलों में बंदोबस्त का कार्य पूर्ण नही हुआ है वहां संबंधित जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षकों की जिम्मेदारी तय करके आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। आबकारी आयुक्त ने अगली नीलामी प्रक्रिया में शेष दुकानों का भी बंदोबस्त करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित