नयी दिल्ली , मई 22 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है, लेकिन सरकार का हीट वेव एक्शन प्लान जमीनी स्तर पर पूरी तरह नदारद दिखाई दे रहा है।

श्री यादव ने कहा कि खुले में काम करने वाले निर्माण श्रमिक, दिहाड़ी मजदूर, सड़क और फील्ड में आजीविका कमाने वाले लोग झुलसाने वाली गर्मी में काम करने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 25 अप्रैल को घोषित किया गया हीट वेव एक्शन प्लान केवल दस्तावेजों तक सीमित रह गया और इसका कोई वास्तविक क्रियान्वयन नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि दिल्ली में मई महीने की रातों का तापमान भी पिछले 14 वर्षों में सबसे अधिक दर्ज किया गया है। बिजली कटौती और पानी की कमी ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं, जबकि सरकार इस संकट पर पूरी तरह लापरवाह बनी हुई है।

उन्होंने दिल्ली सरकार से निर्माण श्रमिकों और गरीब तबके के लोगों को मुफ्त राशन तथा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब सरकारी कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति दी जा सकती है तो भीषण गर्मी में काम कर रहे दिहाड़ी मजदूरों को भी मुआवजा मिलना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा घोषित कूल रूम, वाटर एटीएम, बस स्टॉप शेल्टर और श्रमिकों के लिए राहत उपाय अब तक लागू नहीं किए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि अत्यधिक गर्मी के दौरान जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित