यमुनानगर , अगस्त 28 -- हरियाणा में नगरपालिका सफाई कर्मचारियों और अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल शुक्रवार को तेइसवें दिन भी जारी रही। इस दौरान कर्मचारियों ने नगर निगम प्रांगण में धरना देकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा एवं हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर आयोजित धरने की अध्यक्षता संयुक्त रूप से नगरपालिका शाखा प्रधान पपला और अग्निशमन जिला प्रधान विजेंद्र सिंह ने की, जबकि संचालन सह सचिव संजीत तिगरा और जिला सचिव रिंकू कुमार ने किया।

कर्मचारी नेताओं ने सरकार द्वारा मांगें पूरी करने के प्रचार को झूठा, भ्रामक और गुमराह करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि जिन मांगों को पूरा बताने का दावा किया जा रहा है, उन पर केवल सैद्धांतिक सहमति हुई है। जब तक उनके लिखित आदेश जारी कर धरातल पर लागू नहीं किया जाता, तब तक उन्हें पूरा हुआ बताना गलत है।

संघ के महासचिव मांगेराम तिगरा और अग्निशमन महासचिव गुलशन भारद्वाज ने कहा कि सरकार समझौते को लागू करने की बजाय प्रचार के माध्यम से अपनी पीठ थपथपा रही है। सरकार को बयानबाजी छोड़कर सहमति वाली सभी मांगों के तत्काल लिखित आदेश जारी करने चाहिए।

नेताओं ने कहा कि अग्निशमन विभाग के शहीद कर्मचारी रणवीर सिंह और भवि चंद के आश्रितों को सरकार द्वारा सार्वजनिक रूप से दिये गये आश्वासन के बावजूद अभी तक 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और पक्की नौकरी नहीं दी गयी है, जो शहीदों का अपमान है।

उन्होंने कहा कि विभागीय मंत्री विपुल गोयल के उदासीन रवैये के चलते पालिका, फायर और पटवारी कर्मचारी हड़ताल पर हैं। हड़ताल लंबी खिंचने से कर्मचारियों और आम जनता दोनों को परेशानी हो रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित