नयी दिल्ली , अक्टूबर 16 -- कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि देश में आक्रोश का माहौल है और नौजवान सड़कों पर उतर रहे हैं और इस पर सरकार का गुस्सा बता रहे है कि वह जाने वाली है।कांग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने आज संवाददाता सम्मेलन में कहा जनता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से सवाल पूछ रही है लेकिन जवाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दे रही है। श्री खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस ने 'वोट चोर, गद्दी छोड़' अभियान शुरू किया है, तो रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को गुस्सा क्यों आ रहा है? उन्होंने कहा कि चुनाव के जरिए सत्ता बदलने वाली है और सत्तारूढ़ दल को लोकतंत्र में विरोध की आदत खत्म हो गई है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2013 में 'रिजीम चेंज' की बात करने का उल्लेख करते हुए कहा कि आज जब वकील प्रशांत भूषण 'रिजीम चेंज' की बात कर रहे हैं, तो भाजपा को आपत्ति हो रही है, जबकि 2012-13 में इसी तरह की बातों पर भाजपा खुश होती थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि नेहा बोरा को भी 'वामपंथी' बताकर निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा, "हम रिजीम चेंज करना चाहते हैं और हम रिजीम चेंज करेंगे।" कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया कि सरकार यह स्पष्ट क्यों नहीं कर देती कि लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन करना गैरकानूनी है। उन्होंने कहा कि सरकार का गुस्सा इस बात का संकेत है कि वह सत्ता से जाने वाली है और यह एक जाती हुई सरकार का गुस्सा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित