भिण्ड , जुलाई 3 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के लहार थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ी मटियावली में सरकारी हाई स्कूल परिसर में अवैध रूप से भंडारित लगभग 400 ट्रॉली रेत जब्त की गई है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार खनिज विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर सरकारी स्कूल परिसर में लंबे समय से डंप अवैध रेत को जब्त किया। अधिकारियों के अनुसार रेत का अवैध भंडारण कर बाद में उसके विक्रय की तैयारी की जा रही थी।

कार्रवाई के दौरान खनिज विभाग के प्रभारी अश्विनी मिश्रा, मिहोना तहसीलदार हरिओम पचौरी और लहार थाना प्रभारी शिव सिंह यादव मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान रेत को लोडर की सहायता से मैदान में फैला दिया गया।

लहार थाना प्रभारी शिव सिंह यादव ने बताया कि जब्त रेत की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि उसे दोबारा कोई उठा नहीं सके। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित