बारां , मार्च 31 -- राजस्थान में बारां जिले के शाहाबाद क्षेत्र के सरकारी विद्यालय के छात्र समीर शर्मा ने राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (आरबीएसई) की 12वीं कला वर्ग की परीक्षा में 97.60 प्रतिशत अंक प्राप्त करके बड़ी सफलता हासिल की है।

समीर की इस सफलता से न केवल उनके परिवार बल्कि विद्यालय और क्षेत्र में खुशी है। समीर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बीलखेड़ा माल, तहसील शाहाबाद, जिला बारां के छात्र हैं। उन्होंने नियमित मेहनत और पढ़ाई के बल पर यह सफलता प्राप्त की। समीर के पिता अविनाश शर्मा, माता कृष्णा शर्मा और शिक्षकों का कहना है कि समीर शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और मेहनती रहा है।

आरबीएसई 12वीं परीक्षा में बारां जिले के अन्य विद्यार्थियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। स्वामी विवेकानंद उच्च माध्यमिक विद्यालय दांता की छात्रा भारती ओझा ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त करके उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसी तरह केलवाड़ा की छात्रा स्नेहा धाकड़ ने कला वर्ग में 96.20 प्रतिशत अंक प्राप्त किये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित