अलवर , जुलाई 10 -- राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर ने सरकारी स्कूलों में नामांकन घटने की खबरों को पूरी तरह खारिज करते हुए शुक्रवार को कहा कि राज्य में इस वर्ष सरकारी विद्यालयों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोत्तरी हुई है।
श्री दिलावर ने पत्रकारों से कहा कि सरकारी स्कूलों की व्यवस्था में लगातार सुधार होने से अभिभावकों का भरोसा बढ़ा है। यह धारणा पूरी तरह गलत है कि सरकारी स्कूलों में नामांकन कम हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस बार सरकारी विद्यालयों में पहले की तुलना में अधिक बच्चों ने प्रवेश लिया है और शिक्षा विभाग के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है।
श्री दिलावर ने कहा कि इस बार बड़ी संख्या में सरकारी अध्यापकों और प्रधानाचार्यों ने भी अपने बच्चों का दाखिला सरकारी विद्यालयों में कराया है। यह इस बात का प्रमाण है कि सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता और सुविधाओं में लगातार सुधार हुआ है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं, संसाधनों, भवनों, शिक्षण व्यवस्था और शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाये हैं, जिसके कारण सरकारी विद्यालय अब पहले से अधिक आकर्षक और गुणवत्तापूर्ण बनते जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित