भिवानी , अगस्त 20 -- हरियाणा प्रदेश कांग्रेस की महिला इकाई की पूर्व महासचिव सविता मान ने भिवानी को राज्य का शिक्षा का केंद्र बनाने के सरकारी दावे पर सवाल उठाया है और सरकारी विद्यालयों की बदहाल व्यवस्था पर चिंता जतायी है।

श्रीमती मान ने गुरुवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार शिक्षा व्यवस्था में सुधार के नाम पर केवल विज्ञापनों और कागजी योजनाओं तक सीमित है। धरातल पर सरकारी स्कूलों की स्थिति लगातार खराब हो रही है।

उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद कई सरकारी विद्यालयों में बिजली और पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। करोड़ों रुपये की लागत से लगाए गए जनरेटर देखरेख के अभाव में कबाड़ बन चुके हैं। पानी की व्यवस्था न होने के कारण विद्यार्थियों को बाहर से पानी लाना पड़ता है, जिससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी है। भिवानी जिले के भी अनेक स्कूलों में शिक्षकों के पद रिक्त पड़े हैं। कई स्कूलों के भवन जर्जर हालत में हैं और पर्याप्त शौचालय तक उपलब्ध नहीं हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित