पटना , सितंबर 07 -- बिहार के सरकारी विद्यालयों के बच्चों के लिए सीखने की प्रक्रिया को रोचक, सहज और आनंददायक बनाने के उद्देश्य से राज्य की पहली कॉमिक बुक 'निपुण चितरंगी' के प्रकाशन की शुरुआत की गई है।

निपुण बिहार मिशन के उद्देश्यों को बच्चों तक सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाने के लिए जिला शिक्षा कार्यालय, सीतामढ़ी की ओर से यह पहल की गई है। कॉमिक बुक में कहानी, चित्र और संवाद के माध्यम से बच्चों को पाठ्यवस्तु के साथ-साथ जीवनोपयोगी जानकारी देने का प्रयास किया गया है।

'निपुण चितरंगी' का उद्देश्य बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाना और सीखने की प्रक्रिया को उनके लिए आनंददायक बनाना है। सरल भाषा, आकर्षक चित्रों और रोचक संवादों के माध्यम से बच्चों को बुनियादी भाषा एवं गणितीय दक्षताओं के साथ रोजमर्रा के जीवन से जुड़ी उपयोगी बातों से परिचित कराया जाएगा।

इस कॉमिक बुक की शुरुआत सेंट्रल स्क्वायर फाउंडेशन की मृदुला कुमारी के मार्गदर्शन में की गई है। इसके माध्यम से बच्चों की भाषा, समझ और सीखने की क्षमता को मजबूत करने के साथ उनमें पढ़ने की आदत विकसित करने पर जोर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित