मुरादाबाद , मार्च 21 -- केंद्र और राज्य सरकार की किसान-केंद्रित योजनाओं से किसानों का आर्थिक बोझ कम होने के साथ-साथ कृषि के बुनियादी ढांचे और जल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि पिछले नौ वर्षों में पीएम किसान सम्मान निधि, किसान ऋण मोचन योजना और जल संरक्षण अभियानों के तहत जनपद के किसानों को कुल 1370 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता सीधे उनके खातों में पहुंचाई गई है।

सूत्रों के अनुसार पीएम किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत मुरादाबाद जिले के 3.42 लाख से अधिक (3,42,516) किसानों के खातों में 1044 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की गई। वहीं किसान ऋण मोचन योजना के तहत 59,622 किसानों का करीब 326 करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया गया।

जल संरक्षण के क्षेत्र में जनपद में 137 अमृत सरोवरों का निर्माण कराया गया है, जिससे सिंचाई के साथ पशुपालन के लिए भी पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हुई है। इसके अलावा बिलारी और कुन्दरकी ब्लॉकों में अरिल नदी का 22 किलोमीटर लंबा जीर्णोद्धार किया गया है, जिससे भूजल स्तर में सुधार और डार्क जोन की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

पशुधन संरक्षण के तहत जिले में 35 गो-आश्रय स्थल संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें लगभग 7800 गोवंश संरक्षित हैं। पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था हेतु 68 हेक्टेयर में हरा चारा और 28 हेक्टेयर में हाइब्रिड नेपियर घास की खेती की गई है।

सूत्रों का दावा है कि इन योजनाओं से किसानों की आय बढ़ाने, कर्ज से राहत दिलाने और सतत कृषि विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित