जालौन , जून 10 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के थाना रामपुरा क्षेत्र में सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाने पहुंची एक महिला लेखपाल के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है।
घटना के बाद राजस्व विभाग के कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया। नायब तहसीलदार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लेखपाल थाना रामपुरा पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जानकारी के अनुसार तहसील माधौगढ़ में तैनात लेखपाल सीमा निषाद आठ जून को ग्राम लिटावली में शासकीय भूमि की जांच करने गई थीं। जांच के दौरान खाद के गड्डों की भूमि पर चंद्रपाल सिंह का कब्जा पाया गया। कब्जा हटाने के निर्देश देने पर चंद्रपाल सिंह विरोध करने लगा। आरोप है कि उसने अपने पुत्र जयवीर सिंह के साथ मिलकर लेखपाल के हाथ से तहसीलदार के आदेशयुक्त प्रार्थना पत्र को छीनकर फाड़ दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित