मुरादाबाद , जुलाई 17 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में सरकारी भूमि पर अवैध रूप से निर्मित एक मजार को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने राजस्व विभाग के सहयोग से ध्वस्त कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा दिया।
आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि जिले में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तहसील कांठ क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई। मुरादाबाद-हरिद्वार-देहरादून स्टेट हाईवे पर कैच की पुलिया के निकट सरकारी भूमि पर अवैध रूप से मजार का निर्माण कर लिया गया था।
सूत्रों के अनुसार अवैध अतिक्रमण के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित हो रहा था तथा यह स्थान दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित हो गया था। आमजन की सुविधा, सुगम यातायात और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पीडब्ल्यूडी ने नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।
कार्रवाई से पूर्व राजस्व विभाग की टीम ने राजस्व अभिलेखों के आधार पर स्थल की विधिवत पैमाइश कराई। जांच में मजार का एक बड़ा हिस्सा सरकारी भूमि पर अवैध रूप से निर्मित पाया गया। इसके बाद राजस्व विभाग और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को हटाया और सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करा लिया।
प्रशासन ने बताया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित