देवरिया , जुलाई 29 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया के सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम बहोरपुर में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत के बाद जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी के निर्देश पर 24 घंटे में तत्काल जांच कराकर सरकारी जमीन को खाली करने के लिए पक्षों को नोटिस जारी किया गया है।

आधिकारिक प्रवक्ता ने बुधवार को यहां बताया कि मंगलवार को जिलाधिकारी श्री हुलगी के समक्ष जनता दर्शन में ग्राम बहोरपुर की एक महिला ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्काल जांच की। शिकायत में ग्राम बहोरपुर निवासी सुमित्रा देवी पत्नी महेंद्र यादव ने गाटा संख्या 270, रकबा 0.134 हेक्टेयर भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत प्रस्तुत की थी। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सदर को मौके पर जांच कर आख्या देने के निर्देश दिए। एसडीएम के निर्देश पर राजस्व निरीक्षक और लेखपाल की टीम ने जांच की।

जांच में पाया गया कि उक्त गाटा संख्या सरकारी/खलिहान की भूमि है। इसके कुछ हिस्से पर लोगों ने मकान और सहन बनाकर कब्जा कर रखा है। टीम ने कब्जाधारियों को लिखित रूप से भूमि खाली करने का निर्देश दिया है। उपजिलाधिकारी सदर प्रवीण कुमार ने बताया कि आईजीआरएस से प्राप्त शिकायत पर उसी दिन जांच कराई गई और संबंधितों को नोटिस जारी कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित