जशपुर , मार्च 26 -- छत्तीगढ़ के जशपुर जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की 33,850 बोरियों के गबन के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी और बोरियों के खरीददार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन और चार हजार बोरियां भी जब्त की गई हैं।
पुलिस से गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार, जिला विपणन अधिकारी की रिपोर्ट पर थाना कांसाबेल में भारतीय दंड विधान की धारा 408, 420 व 411 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था। मामले का संक्षिप्त विवरण है कि पिछले साल आठ सितंबर को जिला विपणन अधिकारी अजय कुमार ठाकुर ने थाना कांसाबेल में शिकायत दर्ज कराई थी। वर्ष 2022-23 में शासकीय उचित मूल्य दुकानों से पीडीएस बोरियों के संकलन हेतु आरोपी रिजवान अली को परिवहन का अनुबंध दिया गया था। इस दौरान उसके द्वारा विकासखंड कांसाबेल की उचित मूल्य दुकानों से बोरियों का संकलन कर गबन करने की शिकायत मिली थी।
कलेक्टर जशपुर ने मामले की जांच कमेटी गठित कर कराई। जांच में पाया गया कि आरोपी रिजवान अली ने कुल 33,580 बोरियों का गबन किया। प्रति बोरी 25 रुपये के हिसाब से इनकी कीमत आठ लाख 39 हजार 500 रुपये है। आरोपी ने बोरियों को विपणन संघ कुनकुरी के गोदाम में नहीं पहुंचाया।
विवेचना के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। पुलिस टीम ने सूरजपुर से मुख्य आरोपी रिजवान अली (37) निवासी देवल्ला पारा, मानपुर, थाना सूरजपुर को हिरासत में लिया। वहीं अंबिकापुर से बोरियों के खरीददार सुधीर साहू निवासी मठ पारा, बिलासपुर चौक अंबिकापुर को भी गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार हजार बोरियां भी बरामद की हैं। पुलिस शेष बोरियों की बरामदगी का प्रयास कर रही है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अशोक यादव, सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार यादव, आरक्षक राजकुमार भगत, सुभाष चंद्र बोस और नगर सैनिक जोगेंद्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित